दूरस्थ क्षेत्रों में लोक निर्माण विभाग की बढ़ेगी पहुंच, 19 नए कार्यालयों को मिली मंजूरी

05 Sep 2026 - 16:41
0 2
दूरस्थ क्षेत्रों में लोक निर्माण विभाग की बढ़ेगी पहुंच, 19 नए कार्यालयों को मिली मंजूरी

रायपुर। सड़कों, भवनों और पुल-पुलियों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्माण की गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी रखने के लिए लोक निर्माण विभाग अब दूरस्थ क्षेत्रों में भी अपने कार्यालयों का विस्तार करेगा। राज्य शासन ने विभाग के 16 उप संभागीय, 2 संभागीय और 1 सेतु मंडल कार्यालय सहित इनके लिए आवश्यक सेट-अप को मंजूरी दे दी है।

इन कार्यालयों के खुलने से दूरस्थ इलाकों में चल रहे निर्माण कार्यों की निगरानी और विभागीय कामकाज में तेजी आने की उम्मीद है। साथ ही निर्माण परियोजनाओं की प्रगति पर स्थानीय स्तर से प्रभावी नजर रखी जा सकेगी।

सेतु परिक्षेत्र में 9 नए कार्यालय

राज्य शासन ने लोक निर्माण विभाग के सेतु परिक्षेत्र के अंतर्गत 9 नए कार्यालयों को स्वीकृति दी है। इनमें जगदलपुर में अधीक्षण अभियंता कार्यालय और रायपुर में कार्यपालन अभियंता कार्यालय, सेतु संभाग क्रमांक-2 शामिल हैं।

इसके अलावा बीजापुर, सुकमा, कोंडागांव, बालोद, मुंगेली, सारंगढ़ और बैकुंठपुर में अनुविभागीय अधिकारी (सेतु उप संभाग) के कार्यालय खोले जाएंगे।

भवन और सड़क निर्माण के लिए 10 कार्यालय

भवन एवं सड़क निर्माण से जुड़े कार्यों के लिए भी राज्य शासन ने 10 नए कार्यालयों को मंजूरी दी है। बैकुंठपुर में कार्यपालन अभियंता (कोरिया संभाग) कार्यालय स्थापित किया जाएगा।

वहीं फरसगांव, ओरछा, डोंगरगांव, डौंडी, धमधा, आरंग, खड़गवां, सोनहत और बलौदाबाजार में अनुविभागीय अधिकारी (उप संभाग) के कार्यालय खोले जाएंगे।

निर्माण कार्यों की निगरानी होगी मजबूत

नए कार्यालयों की स्थापना से दूरस्थ क्षेत्रों में लोक निर्माण विभाग की प्रशासनिक मौजूदगी मजबूत होगी। इससे सड़कों, पुल-पुलियों और भवनों के निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के साथ-साथ काम में आने वाली समस्याओं का स्थानीय स्तर पर तेजी से समाधान किया जा सकेगा। इससे निर्माण कार्यों में गति और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User