प्रधानमंत्री आवास योजना ने बदली अमर सिंह उईके की जिंदगी, पक्के घर से मिला सुरक्षित भविष्य
नारायणपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए पक्के और सुरक्षित घर का सपना पूरा करने में अहम भूमिका निभा रही है। नारायणपुर नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 07 निवासी अमर सिंह उईके भी इस योजना का लाभ लेकर अब अपने परिवार के साथ पक्के मकान में सुरक्षित जीवन बिता रहे हैं।
कच्चे घर में गुजर रहा था परिवार का जीवन
45 वर्षीय अमर सिंह उईके का परिवार लंबे समय तक मिट्टी की कच्ची दीवारों और खपरैल की छत वाले मकान में रहता था। बारिश के दिनों में कच्चे घर में रहने के कारण परिवार को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। सीमित आय के चलते अपने दम पर पक्का मकान बनाना उनके लिए संभव नहीं था।
वार्ड शिविर से मिली योजना की जानकारी
इसी दौरान नगरपालिका की ओर से आयोजित वार्ड शिविर में उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने नगरपालिका परिषद नारायणपुर कार्यालय पहुंचकर योजना की जानकारी ली और जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन किया। आवेदन स्वीकृत होने के बाद उन्हें योजना का लाभ मिला और पक्के मकान का निर्माण पूरा हुआ।
3.05 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से बना घर
योजना के तहत अमर सिंह उईके के लिए 29 वर्गमीटर क्षेत्र में 3.05 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से पक्का मकान तैयार किया गया। इसमें केंद्रांश के रूप में 1.50 लाख रुपये, राज्यांश के रूप में 0.76 लाख रुपये और हितग्राही अंश के रूप में 0.79 लाख रुपये शामिल हैं।
पक्का घर बना सुरक्षा और बेहतर भविष्य का आधार
पक्का मकान मिलने के बाद अमर सिंह उईके और उनके परिवार के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। अब परिवार को बारिश और खराब मौसम के दौरान पहले जैसी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता। सुरक्षित आवास मिलने से परिवार को मानसिक सुकून के साथ बेहतर जीवन जीने का अवसर मिला है।
अमर सिंह उईके का कहना है कि पक्का घर उनके लिए सिर्फ मकान नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा और बेहतर भविष्य की नींव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से उनका वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ है। इसके लिए उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के साथ नगरपालिका प्रशासन के प्रति आभार जताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)