छत्तीसगढ़ में कैंसर के खिलाफ तेज होगी जंग, HPV टीकाकरण और शुरुआती जांच पर जोर
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कैंसर की रोकथाम और समय पर उपचार को लेकर स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में प्रयास तेज किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आयोजित कैंसर कॉन्क्लेव में बीमारी की शुरुआती पहचान, स्क्रीनिंग, आधुनिक उपचार तकनीकों और नए चिकित्सा अनुसंधानों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से चर्चा की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण को मिशन मोड में आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार का जोर स्क्रीनिंग और जागरूकता के माध्यम से कैंसर की पहचान शुरुआती चरण में करने पर है, ताकि मरीजों को समय पर आवश्यक उपचार मिल सके।
‘Restoring Balance to Cancer Care’ थीम पर आयोजित कॉन्क्लेव में 200 से अधिक राष्ट्रीय और 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ शामिल हुए। कार्यक्रम में स्त्री रोग संबंधी कैंसर और प्रोस्टेट कैंसर के साथ-साथ कैंसर की रोकथाम, उपचार, अनुसंधान और चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे नवाचारों पर मंथन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कॉन्क्लेव में कैंसर जागरूकता, प्रारंभिक जांच और आधुनिक उपचार तकनीकों से जुड़े विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन परियोजना का शुभारंभ भी किया।
मुख्यमंत्री ने विशेषज्ञ चिकित्सकों और शोधकर्ताओं से नई तकनीकों की कार्यप्रणाली तथा कैंसर की समय रहते पहचान में उनकी उपयोगिता की जानकारी ली। उन्होंने इस बात पर भी चर्चा की कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को प्रदेश के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक किस तरह अधिक आसानी से पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम में बालको मेडिकल सेंटर की डायरेक्टर डॉ. भावना सिरोही, पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति मेडिकल कॉलेज रायपुर के डीन डॉ. विवेक चौधरी, ई-कैंसर की प्रतिनिधि डॉ. सुज़ाना स्टेनवे, वाइस एडमिरल आरती सरीन सहित देश-विदेश के चिकित्सक, शोधकर्ता और स्वास्थ्य विशेषज्ञ मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)