बनोरा में सेवा-साधना का संदेश, CM साय ने किया अघोरेश्वर भगवान राम को नमन
रायगढ़। परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी के अवतरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायगढ़ जिले के ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ पहुंचे। उन्होंने अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी से भेंट कर उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन भी प्राप्त किया।
आश्रम में मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से मुलाकात की तथा आश्रम की परंपरा के अनुसार पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने अघोरेश्वर भगवान राम विद्या मंदिर के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। विद्यालय परिसर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की विज्ञान प्रदर्शनी देखी और उनके बनाए वैज्ञानिक मॉडल व नवाचारों की सराहना की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अघोरेश्वर भगवान राम जी का जीवन मानव सेवा, करुणा और सामाजिक समरसता को समर्पित रहा। उन्होंने आध्यात्मिक साधना को मानव कल्याण से जोड़ते हुए जरूरतमंदों की सेवा को विशेष महत्व दिया। बनोरा अघोर गुरु पीठ इसी सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आश्रम द्वारा स्वास्थ्य एवं नेत्र शिविरों के आयोजन, जरूरतमंदों की सहायता और दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने जैसे कार्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने की प्रेरणा देते हैं। वहीं विद्या मंदिर का नया भवन शिक्षा के क्षेत्र में सेवा यात्रा का महत्वपूर्ण विस्तार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया विद्यालय भवन क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर देगा। शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, संवेदनशीलता, वैज्ञानिक सोच और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करनी चाहिए।
तीन दशक से सेवा का केंद्र है बनोरा
रायगढ़ का बनोरा गांव पिछले करीब तीन दशकों से आध्यात्मिक साधना के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज सेवा का केंद्र बना हुआ है। पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी के मार्गदर्शन में स्थापित अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट और उससे जुड़ी संस्थाओं द्वारा जरूरतमंदों की सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा तथा सामाजिक कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। बनोरा से शुरू हुई सेवा की यह परंपरा समय के साथ अन्य क्षेत्रों और राज्यों तक भी पहुंची है।
कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुजाता सुकलाल चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, संतवृंद, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)