केरल पहुंचे मलेशियाई PM अनवर इब्राहिम, मिला प्रतिष्ठित सम्मान; AI के नैतिक पहलुओं पर भी हुई चर्चा

14 Sep 2026 - 11:50
0 2
केरल पहुंचे मलेशियाई PM अनवर इब्राहिम, मिला प्रतिष्ठित सम्मान; AI के नैतिक पहलुओं पर भी हुई चर्चा

केरल। 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने भारत पहुंचे मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने सम्मेलन से अलग केरल का दौरा किया। इस दौरान करंथूर स्थित सुन्नी कल्चरल सेंटर में आयोजित एक विशेष स्मरण एवं प्रार्थना सभा में उन्हें शेख अबू बक्र फाउंडेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भारत के ग्रैंड मुफ्ती शेख अबूबक्र अहमद भी मौजूद रहे।

सम्मान मिलने पर अनवर इब्राहिम ने इसे पूरी विनम्रता के साथ स्वीकार किया और यह पुरस्कार दुनिया भर के विद्वानों, धर्म प्रचारकों, वैज्ञानिकों तथा ज्ञान के क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि ज्ञान, शिक्षा और शोध के क्षेत्र में सहयोग के जरिए मलेशिया और केरल के रिश्तों को और मजबूत किया जाएगा।

करीब दो हजार छात्रों ने लिया हिस्सा

अनवर इब्राहिम ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि सुन्नी कल्चरल सेंटर में मलेशियाई प्रतिनिधिमंडल के साथ उन्हें स्मरण और प्रार्थना सभा में शामिल होने का अवसर मिला। कार्यक्रम में केरल के कई प्रमुख विद्वानों के साथ करीब दो हजार छात्र भी शामिल हुए। सभा का नेतृत्व भारत के ग्रैंड मुफ्ती शेख अबूबक्र अहमद ने किया।

शिक्षा और धार्मिक सहयोग बढ़ाने पर जोर

मलेशियाई प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका देश उलेमा और शिक्षाविदों के साथ मिलकर शैक्षिक तथा धार्मिक प्रयासों को आगे भी सहयोग देता रहेगा। उन्होंने हदीस के अध्ययन और इससे जुड़े शैक्षिक कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया। उनका कहना है कि ऐसे प्रयास दोनों क्षेत्रों के बीच संबंधों को मजबूत करने के साथ ज्ञान की परंपरा को भी समृद्ध करेंगे।

AI के अवसर और चुनौतियों पर चर्चा

दौरे के दौरान अनवर इब्राहिम ने ग्रैंड मुफ्ती शेख अबूबक्र अहमद के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) को लेकर भी विचार-विमर्श किया। बातचीत में AI से मिलने वाले अवसरों के साथ इससे जुड़े नैतिक, धार्मिक और सामाजिक सवालों पर चर्चा हुई।

अनवर इब्राहिम के मुताबिक AI ज्ञान, शोध और तकनीकी प्रगति के नए रास्ते खोल रहा है, लेकिन इसके साथ आस्था, नैतिक मूल्यों और मानवीय स्वतंत्रता से जुड़े सवाल भी सामने आ रहे हैं। दोनों पक्षों ने ऐसे दृष्टिकोण की जरूरत पर जोर दिया, जिसमें तकनीकी विकास के साथ मानवीय मूल्यों और नैतिकता का संतुलन बना रहे।

उन्होंने संकेत दिया कि AI और मानवीय मूल्यों से जुड़े इन मुद्दों पर आगे भी चर्चा जारी रखी जाएगी, ताकि तकनीक की प्रगति का लाभ उठाते हुए इंसानियत और नैतिक सिद्धांतों को प्राथमिकता दी जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User