राजनीतिक मंच की मर्यादा पर आनंद दुबे का जोर, बोले- सस्ती लोकप्रियता के लिए हद पार न करें
मुंबई। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के प्रवक्ता आनंद दुबे ने राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान इंदौर में एक कॉमेडियन की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि छात्रों से संवाद के लिए आयोजित राजनीतिक कार्यक्रमों में मंच की गरिमा और मर्यादा बनाए रखना बेहद जरूरी है।
आनंद दुबे ने कहा कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में ‘छात्रों की गूंज’ के जरिए युवाओं और छात्रों से संवाद कर रहे हैं। इन कार्यक्रमों में शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो रही है, लेकिन इंदौर में हुई घटना ने मंच के इस्तेमाल और उसकी निगरानी को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने स्पष्ट किया है कि उन्हें जानकारी नहीं थी कि संबंधित व्यक्ति मंच पर कब आया। ऐसे में राजनीतिक आयोजकों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई व्यक्ति मंच का गलत इस्तेमाल न करे। दुबे ने कहा कि सस्ती लोकप्रियता या आर्थिक लाभ के लिए किसी के परिवार को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करना उचित नहीं है।
शिवसेना नेता ने कहा कि यह मुद्दा केवल भाजपा या कांग्रेस से जुड़ा नहीं है, बल्कि सभी राजनीतिक दलों को अपने मंचों की गरिमा बनाए रखने पर ध्यान देना चाहिए। राजनीतिक कार्यक्रमों में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ मर्यादा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
आईआईटी बॉम्बे छात्र की मौत पर जताया दुख
आनंद दुबे ने आईआईटी बॉम्बे में छात्र की मौत की घटना पर भी दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और छात्रों की समस्याओं को समय रहते समझना जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों से छात्रों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि किसी छात्र से गलती होने पर उस पर अनावश्यक दबाव बनाने के बजाय उसकी स्थिति को समझने और सहयोग देने की जरूरत है। साथ ही आईआईटी प्रशासन को भी छात्रों की समस्याओं और मानसिक दबाव को लेकर संवेदनशीलता के साथ संवाद करना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)