मलेशिया जाने वाले भारतीयों के लिए जरूरी खबर, नौकरी के लिए वीजा-फ्री एंट्री का इस्तेमाल न करें

22 Sep 2026 - 11:09
0 1
मलेशिया जाने वाले भारतीयों के लिए जरूरी खबर, नौकरी के लिए वीजा-फ्री एंट्री का इस्तेमाल न करें

मलेशिया में नौकरी की तलाश कर रहे भारतीय नागरिकों के लिए भारतीय हाई कमीशन ने अहम एडवाइजरी जारी की है। कुआलालंपुर स्थित भारतीय मिशन ने स्पष्ट किया है कि 30 दिन की वीजा-फ्री एंट्री सुविधा का इस्तेमाल नौकरी खोजने या काम करने के लिए नहीं किया जा सकता। यह सुविधा मुख्य रूप से पर्यटन और सामाजिक मुलाकातों के लिए है।

हाई कमीशन ने भारतीय नागरिकों को फर्जी नौकरी के वादे करने वाले एजेंटों से भी सावधान रहने को कहा है। नौकरी के उद्देश्य से मलेशिया जाने वालों के पास वैध वर्क परमिट या ‘वीजा विद रेफरेंस’ होना जरूरी है। नियमों का उल्लंघन करने पर ओवरस्टे, गैर-कानूनी इमिग्रेशन स्टेटस, शोषण, हिरासत और कानूनी कार्रवाई जैसी परेशानियां हो सकती हैं।

एडवाइजरी में वास्तविक पर्यटकों को भी यात्रा के दौरान जरूरी दस्तावेज साथ रखने की सलाह दी गई है। इनमें कन्फर्म रिटर्न टिकट, होटल बुकिंग और कम से कम छह महीने की वैधता वाला पासपोर्ट शामिल है। इसके अलावा मलेशिया पहुंचने से पहले मलेशिया डिजिटल अराइवल कार्ड (MDAC) जमा करना भी जरूरी है।

भारतीय मिशन के मुताबिक, कुछ यात्रियों को एंट्री के दौरान नौकरी की तलाश का संदेह, पर्याप्त ठहरने की जानकारी न होना, पैसों की कमी या रिटर्न टिकट नहीं होने जैसी वजहों से परेशानी का सामना करना पड़ा है। ऐसे में मलेशिया जाने वाले भारतीयों को यात्रा के उद्देश्य और दस्तावेजों को लेकर पूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User