योजनाओं की जानकारी से सशक्तिकरण, नुक्कड़ नाटक से नशामुक्ति का संदेश
धमतरी। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत धमतरी के शासकीय श्रवण बाधितार्थ बालिका विद्यालय में समाज कल्याण विभाग द्वारा एक दिवसीय जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य दिव्यांग बालिकाओं को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, उनके अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देना तथा नशामुक्त समाज के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न हितग्राहीमूलक एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों के बारे में बताया। बालिकाओं को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं से मिलने वाले अवसरों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि योजनाओं की सही जानकारी लोगों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
नुक्कड़ नाटक ने दिया प्रभावी संदेश
शिविर में नशामुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक विशेष आकर्षण रहा। कलाकारों ने अभिनय और संवादों के माध्यम से नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों को सामने रखा। प्रस्तुति के जरिए नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने तथा अन्य लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प दिलाया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)