20वां रोजगार मेला आज, 51 हजार से ज्यादा युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी की सौगात
नई दिल्ली। केंद्र सरकार की ओर से 19 सितंबर 2026 को 20वें रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान देशभर के अलग-अलग सरकारी विभागों और संगठनों में चयनित 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होकर नवनियुक्त युवाओं को संबोधित करेंगे।
45 शहरों में एक साथ कार्यक्रम
रोजगार मेले का आयोजन देशभर के 45 स्थानों पर एक साथ किया जाएगा। यहां स्थानीय स्तर पर भी चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। नियुक्त होने वाले युवाओं को केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में जिम्मेदारियां दी जाएंगी।
रेलवे से लेकर रक्षा विभाग तक अवसर
नई नियुक्तियों में राजस्व, रेलवे, गृह, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, वित्तीय सेवाओं और रक्षा मंत्रालय समेत कई विभाग शामिल हैं। इसके अलावा केंद्र सरकार से जुड़े विभिन्न संगठनों में भी युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
12.75 लाख के करीब पहुंचेगा नियुक्तियों का आंकड़ा
सरकार के अनुसार, 20वें रोजगार मेले के बाद रोजगार मेलों के माध्यम से नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं की कुल संख्या करीब 12.75 लाख हो जाएगी। रोजगार मेले की शुरुआत वर्ष 2022 में मिशन मोड भर्ती अभियान के तहत की गई थी।
2022 में शुरू हुआ था अभियान
राष्ट्रीय रोजगार मेले की शुरुआत 22 अक्टूबर 2022 को हुई थी। इसका उद्देश्य केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और सरकारी संस्थानों में भर्ती प्रक्रिया को तेज करना और चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र देने के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना है।
19वें रोजगार मेले में भी मिली थी बड़ी संख्या में नियुक्तियां
इससे पहले 23 मई 2026 को 19वें रोजगार मेले का आयोजन हुआ था। उस दौरान देशभर के 47 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए थे और 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए थे। नई नियुक्तियों से रेलवे, स्वास्थ्य, गृह, वित्तीय सेवाओं और अन्य सरकारी क्षेत्रों में कार्यबल को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)