छत्तीसगढ़ के तीन शहरों को मिलेंगे आधुनिक ग्रीन पार्क, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए होंगी सुविधाएं

19 Sep 2026 - 19:40
0 3
छत्तीसगढ़ के तीन शहरों को मिलेंगे आधुनिक ग्रीन पार्क, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए होंगी सुविधाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नगरीय क्षेत्रों में लोगों को बेहतर हरित और सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक उद्यान विकसित किए जा रहे हैं। मिशन अमृत 2.0 के तहत अहिवारा, मुंगेली और कांकेर में प्रस्तावित इन उद्यानों में हरियाली के साथ बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए अलग-अलग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

कांकेर नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-09 स्थित श्रीराम नगर में 0.72 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक उद्यान बनाया जाएगा। इसके लिए 1 करोड़ 69 लाख 44 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। पार्क परिसर में करीब 2,164 पौधे लगाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के साथ नागरिकों को शांत और बेहतर वातावरण मिल सके।

उद्यान में बच्चों के मनोरंजन के लिए प्ले-इक्वीपमेंट, युवाओं और नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए ओपन जिम तथा पैदल चलने के लिए पाथवे बनाया जाएगा। लोगों के बैठने और विश्राम के लिए भी निर्धारित स्थान तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा गजेबो, टॉयलेट ब्लॉक और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की सुविधा रहेगी।

जल संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पार्क में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी स्थापित किया जाएगा। सोलर लाइट जैसी सुविधाओं से उद्यान को पर्यावरण अनुकूल बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि मिशन अमृत 2.0 के तहत नगरीय क्षेत्रों में हरित अधोसंरचना को मजबूत करने और नागरिकों के लिए गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक स्थान विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता और निर्धारित मापदंडों के अनुसार पारदर्शिता के साथ समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User