महासमुंद के किसानों को बड़ी सौगात, 25.67 करोड़ से संवरेंगी 6 सिंचाई योजनाएं
महासमुंद जिले में सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। जल संसाधन विभाग ने जिले की 6 सिंचाई योजनाओं के सुदृढ़ीकरण, जीर्णोद्धार और निर्माण कार्यों के लिए कुल 25 करोड़ 67 लाख 92 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद करीब 817 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को बेहतर सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा।
जल संसाधन विभाग, मंत्रालय महानदी भवन की ओर से मुख्य अभियंता, महानदी गोदावरी कछार, रायपुर को स्वीकृति जारी की गई है। योजनाओं के तहत जलाशयों, नहरों और सिंचाई संरचनाओं की मरम्मत के साथ नहरों की लाइनिंग और रिमॉडलिंग जैसे कार्य किए जाएंगे।
इन योजनाओं पर होगा काम
डूमरपाली एनीकट निर्माण, सरायपाली: कटंगी नाला पर एनीकट निर्माण के लिए 3.52 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति मिली है। इससे 100 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी।
राजाडेरा जलाशय, पिथौरा: नहर के सुदृढ़ीकरण और लाइनिंग के लिए करीब 4.95 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इससे 76 हेक्टेयर क्षेत्र लाभान्वित होगा।
कुन्ती नाला व्यपवर्तन: शीर्ष कार्य, नहर जीर्णोद्धार और सीसी लाइनिंग के लिए 4.74 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इससे 170 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई सुविधा पहुंचेगी।
जामली जलाशय, महासमुंद: शीर्ष कार्य की मरम्मत, नहर रिमॉडलिंग, लाइनिंग और पक्के निर्माणों की मरम्मत के लिए 4.24 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है। इससे 202 हेक्टेयर क्षेत्र को लाभ मिलेगा।
परसदा जलाशय, महासमुंद: शीर्ष जीर्णोद्धार, नहर रिमॉडलिंग और लाइनिंग कार्य के लिए 4.22 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इससे 166 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी।
छपोराडीह जलाशय, महासमुंद: नहर रिमॉडलिंग, लाइनिंग और पक्के स्ट्रक्चरों के उन्नयन के लिए 3.97 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे 103 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
सरकार की इस मंजूरी से जिले में सिंचाई ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है। नहरों और जल संरचनाओं के बेहतर होने से किसानों तक पानी की पहुंच सुगम होगी और कृषि क्षेत्र को इसका सीधा लाभ मिल सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)