पारंपरिक खेती से आधुनिक तकनीक तक, राज कुमार साहू ने कमाई 2.70 लाख रुपये
रायगढ़। खरसिया विकासखंड के ग्राम बाम्हनपाली निवासी किसान राज कुमार साहू ने खेती में आधुनिक तकनीकों और बेहतर फसल प्रबंधन को अपनाकर अपनी आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है। बरबटी और खीरा की खेती से उन्हें 2.70 लाख रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ है। उनकी सफलता अब आसपास के किसानों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।
राज कुमार साहू के पास 0.800 हेक्टेयर सिंचित कृषि भूमि है। पहले वे पारंपरिक तरीके से खेती करते थे, जिससे उन्हें करीब 60 से 80 क्विंटल उत्पादन मिलता था। इस उत्पादन से लगभग 2.48 लाख रुपये की बिक्री होती थी और करीब 78 हजार रुपये का लाभ प्राप्त होता था।
खेती में बदलाव करते हुए उन्होंने उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में आधुनिक तकनीक, बेहतर फसल प्रबंधन और उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाया। इसके परिणामस्वरूप उनका उत्पादन बढ़कर 100 से 120 क्विंटल तक पहुंच गया। इससे उन्हें करीब 3.60 लाख रुपये की बिक्री प्राप्त हुई। उत्पादन में लगभग 90 हजार रुपये की लागत आने के बाद उन्हें 2.70 लाख रुपये का शुद्ध लाभ मिला।
विभागीय मार्गदर्शन से मिली नई दिशा
राज कुमार साहू ने फसल प्रबंधन के दौरान जैविक खाद के साथ अनुशंसित कृषि दवाओं का उपयोग किया। इसके अलावा राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना के तहत उन्हें 20 हजार रुपये का अनुदान भी मिला। विभागीय मार्गदर्शन और आधुनिक तकनीक के बेहतर इस्तेमाल ने उनकी खेती को अधिक लाभकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उद्यानिकी विभाग के अधिकारी के अनुसार, राज कुमार साहू की सफलता बताती है कि किसान पारंपरिक खेती के साथ फसल विविधीकरण, आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक फसल प्रबंधन को अपनाकर अपनी आमदनी में अच्छी वृद्धि कर सकते हैं। उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य किसान भी उद्यानिकी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित हो रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)