कोर्ट पर दिखा खिलाड़ियों का दम, अरुण साव ने विजेताओं को किया पुरस्कृत

06 Sep 2026 - 17:15
0 2
कोर्ट पर दिखा खिलाड़ियों का दम, अरुण साव ने विजेताओं को किया पुरस्कृत

बिलासपुर। तोरवा स्थित डायमंड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित वेस्ट जोन इंटर स्टेट बैडमिंटन प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले रोमांच और शानदार खेल प्रदर्शन से भरपूर रहे। खिलाड़ियों ने तेज स्मैश, बेहतरीन कोर्ट कवरेज और दमदार रक्षात्मक खेल के जरिए दर्शकों को रोमांचित किया। आखिरी अंक तक जीत के लिए खिलाड़ियों के संघर्ष ने मुकाबलों में उत्साह बनाए रखा।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि मैदान पर नजर आया आत्मविश्वास, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम है।

श्री साव ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ उसे और निखारने का अवसर प्रदान करती हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के खेल कौशल और आत्मविश्वास को देखकर यह स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ में बैडमिंटन की प्रतिभाएं लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि खेल में जीत निश्चित रूप से महत्वपूर्ण है, लेकिन निरंतर अभ्यास, अनुशासन और खुद को बेहतर बनाने की इच्छा उससे भी अधिक जरूरी है। ऐसी प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को उच्च स्तर के मुकाबलों का अनुभव मिलता है, जिससे वे भविष्य की बड़ी चुनौतियों के लिए खुद को तैयार कर पाते हैं।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी आगे भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ खेलते हुए राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User