नागोया में भारतीय खिलाड़ियों का जोश बढ़ा रहा प्रवासी समुदाय, मांडविया बोले- डायस्पोरा देश की ताकत

20 Sep 2026 - 09:57
0 2
नागोया में भारतीय खिलाड़ियों का जोश बढ़ा रहा प्रवासी समुदाय, मांडविया बोले- डायस्पोरा देश की ताकत

जापान के नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 के दौरान भारतीय खिलाड़ियों को देश के साथ-साथ विदेश में रह रहे भारतीयों का भी भरपूर समर्थन मिल रहा है। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने जापान में बसे भारतीय प्रवासी समुदाय की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि नागोया में भारतीय एथलीटों का उत्साह बढ़ाने के लिए डायस्पोरा के लोग लगातार कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं और कई युवा वॉलंटियर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम में हुए शामिल

भारतीय दल के समर्थन में नागोया में आयोजित विशेष 'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम में मनसुख मांडविया भारतीय समुदाय के साथ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि जापान में रहने वाले भारतीयों ने एशियन गेम्स में हिस्सा ले रहे भारतीय खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए यह पहल की है।

मांडविया ने बताया कि एशियन गेम्स में भारत से 503 युवा हिस्सा लेने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन के बीच नागोया का प्रवासी भारतीय समुदाय लगातार उनका हौसला बढ़ा रहा है।

डायस्पोरा को बताया भारत की ताकत

खेल मंत्री ने कहा कि दुनिया के अलग-अलग देशों में रहने वाला भारतीय समुदाय देश की एक बड़ी ताकत है। उन्होंने नागोया में भारतीय एथलीटों के समर्थन के लिए किए जा रहे इंतजामों और युवाओं की वॉलंटियर के तौर पर भागीदारी की भी सराहना की।

उनके मुताबिक, भारतीय समुदाय की यह सक्रिय भागीदारी विदेशों में बसे भारतीयों और देश के खेल जगत के बीच मजबूत जुड़ाव को दर्शाती है।

कई खेलों में पदक की चुनौती

आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स में भारत का दल विभिन्न खेलों में पदक के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहा है। रविवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम का कम से कम रजत पदक सुनिश्चित हो जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User