खिलाड़ियों के लिए बढ़ेंगे अवसर, हर जिले में मजबूत होगा खेलों का नेटवर्क
रायपुर। छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खेल सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में सरकार लगातार कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में खेल अलंकरण की दोबारा शुरुआत और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में अवसर देने जैसे फैसलों से प्रदेश के खिलाड़ियों में उत्साह बढ़ा है। खेलों से जुड़े मामलों में बेहतर तालमेल के लिए मुख्यमंत्री सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी को जिम्मेदारी देने की पहल को भी सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
अब दूसरे जिलों में भी बनेंगे जिला ओलंपिक संघ
छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ की बैठक में प्रदेश में खेल गतिविधियों के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। महासचिव डॉ. विक्रम सिसोदिया ने पिछली कार्यकारिणी बैठक की रिपोर्ट पेश करते हुए संघ की गतिविधियों, खेल क्षेत्र की उपलब्धियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
ओलंपिक दिवस से नेशनल गेम्स तक हुई चर्चा
बैठक में 23 जून को प्रस्तावित ओलंपिक दिवस आयोजन के साथ विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, नेशनल गेम्स, खेल संघों की जरूरतों और आगामी गतिविधियों के लिए बजट व्यवस्था पर विचार किया गया। संघ की आय-व्यय का ब्यौरा भी सदस्यों के सामने रखा गया।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच
प्रदेश के मौजूदा जिला ओलंपिक संघों के अलावा अन्य जिलों में भी जिला ओलंपिक संघ गठित करने के लिए समिति बनाने पर सहमति बनी। इसके साथ ही हैंडबॉल एसोसिएशन समेत विभिन्न खेल संघों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। नए जिला ओलंपिक संघ बनने से स्थानीय स्तर पर खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिलने और खेल गतिविधियों को ग्रामीण व जिला स्तर तक विस्तार देने में मदद मिलने की उम्मीद है।
खेलों के विकास पर रहेगा फोकस
बैठक में खेल गतिविधियों को बढ़ाने, संघों की आवश्यकताओं को पूरा करने और प्रदेश में खेलों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने पर जोर दिया गया। इस दौरान छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के पदाधिकारी, विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि और अन्य सदस्य मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)