दलीप ट्रॉफी फाइनल में आज भिड़ेंगे पूर्वी और दक्षिणी क्षेत्र, सितारों पर रहेंगी निगाहें
चेन्नई। दलीप ट्रॉफी के फाइनल में रविवार से पूर्वी क्षेत्र और दक्षिणी क्षेत्र की टीमें चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, देवदत्त पडिक्कल और तिलक वर्मा के साथ अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के प्रदर्शन पर खास नजर रहेगी। मैच भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे शुरू होगा।
पडिक्कल की नजरें शानदार फॉर्म जारी रखने पर
दक्षिणी क्षेत्र के लिए खेल रहे देवदत्त पडिक्कल हाल ही में लाल गेंद क्रिकेट में शानदार फॉर्म में रहे हैं। साई सुदर्शन के चोटिल होने के बाद भारतीय टीम में मिले मौके को उन्होंने दोनों हाथों से भुनाया और श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में दो मैचों में दो शतक जड़कर सीरीज के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार हासिल किया।
अब दलीप ट्रॉफी फाइनल में उनकी कोशिश इस लय को बरकरार रखने की होगी। उनका मजबूत प्रदर्शन दक्षिणी क्षेत्र को 2023 के बाद एक बार फिर खिताब जीतने की दिशा में मदद कर सकता है।
तिलक वर्मा ने भी ठोका टेस्ट टीम के लिए दावा
भारत के टी20 उप-कप्तान तिलक वर्मा भी टेस्ट टीम में जगह बनाने के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने बेंगलुरु में उत्तर क्षेत्र के खिलाफ सेमीफाइनल में शतक और अर्धशतक लगाया था। इसके बाद तिलक ने टेस्ट क्रिकेट में जगह बनाना अपना लक्ष्य बताया था।
फाइनल में एक और बड़ी पारी उनके इस दावे को और मजबूत कर सकती है।
वैभव सूर्यवंशी ने दिखाया लंबी पारी का दम
पूर्वी क्षेत्र के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने मध्य क्षेत्र के खिलाफ सेमीफाइनल में 92 और 40 रन की पारियां खेलकर अपनी क्षमता दिखाई। उनके प्रदर्शन ने यह साबित किया कि वह केवल सीमित ओवरों के क्रिकेट तक सीमित नहीं हैं और लाल गेंद क्रिकेट में भी परिस्थितियों के अनुसार बल्लेबाजी कर सकते हैं।
फाइनल में उनके प्रदर्शन पर भी चयनकर्ताओं की नजर रहने की उम्मीद है।
सिराज के सामने लय में लौटने की चुनौती
अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के लिए यह मुकाबला अपनी लय हासिल करने का अहम मौका होगा। श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में वह अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ सके थे। कप्तान शुभमन गिल ने भी उनके प्रदर्शन के बाद सिराज के लय में लौटने की जरूरत बताई थी।
न्यूजीलैंड के आगामी दौरे से पहले सिराज अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म हासिल करना चाहेंगे।
इशान किशन संभालेंगे पूर्वी क्षेत्र की कमान
पूर्वी क्षेत्र की कप्तानी इशान किशन करेंगे, जबकि वैभव सूर्यवंशी उप-कप्तान होंगे। इशान आगामी अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले दलीप ट्रॉफी फाइनल में उपयोगी रन बनाकर आत्मविश्वास हासिल करना चाहेंगे।
दोनों टीमों की संभावित टीम
दक्षिणी क्षेत्र: तिलक वर्मा (कप्तान), रिकी भुई (उप-कप्तान/विकेटकीपर), एसके रशीद, के साई तेजा, टी विजय, अभिनव तेजराना, के हिमतेजा, टी त्यागराजन, आर स्मरण, करुण नायर, श्रेयस गोपाल, विदवथ कावेरप्पा, एमडी निधीश, एन जगदीसन, अमन खान, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल और मोहम्मद सिराज।
पूर्वी क्षेत्र: इशान किशन (कप्तान/विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी (उप-कप्तान), डेनिश दास, अभिमन्यु ईश्वरन, सुदीप कुमार घरामी, शाहबाज अहमद, सूरज सिंधु जयसवाल, मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, कुमार कुशाग्र, शिखर मोहन, अनुकूल रॉय, विराट सिंह, सुभ्रांशु सेनापति और अभिजीत सरकार।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)