छत्तीसगढ़ में बैंकिंग पहुंच बढ़ाने पर CM साय का जोर, गांवों और दूरस्थ अंचलों तक वित्तीय सेवाएं पहुंचाने की अपील

16 Sep 2026 - 18:01
0 3
छत्तीसगढ़ में बैंकिंग पहुंच बढ़ाने पर CM साय का जोर, गांवों और दूरस्थ अंचलों तक वित्तीय सेवाएं पहुंचाने की अपील

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के समावेशी और आर्थिक विकास में बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए वित्तीय संस्थानों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बैंक केवल लेन-देन और ऋण उपलब्ध कराने वाले संस्थान नहीं हैं, बल्कि वे युवाओं, महिलाओं, किसानों और छोटे कारोबारियों की आर्थिक संभावनाओं को मजबूत करने वाली अहम कड़ी हैं। युवाओं को स्वरोजगार शुरू करने, महिला समूहों को अपने उत्पादों का विस्तार करने, किसानों को आय के नए साधन अपनाने और छोटे व्यापारियों को कारोबार बढ़ाने के लिए आसान वित्तीय सहायता मिलने से उनके प्रयासों को नई गति मिल सकती है।

श्री साय ने वित्तीय साक्षरता को भी विकास का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सेवाओं के विस्तार के साथ लोगों को डिजिटल बैंकिंग, सुरक्षित ऑनलाइन लेन-देन, बचत, बीमा और वित्तीय प्रबंधन की जानकारी देना भी जरूरी है। खासकर ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाकर लोगों को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से अधिक प्रभावी ढंग से जोड़ा जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सरकार के साथ निजी क्षेत्र और वित्तीय संस्थानों की भी अहम जिम्मेदारी है। निवेश, उद्यमिता, स्वरोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में बैंक राज्य सरकार की विकास योजनाओं के महत्वपूर्ण सहयोगी बन सकते हैं।

एचडीएफसी बैंक की छत्तीसगढ़ में 25 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि बैंक आने वाले वर्षों में अपनी सेवाओं का विस्तार शहरों के साथ-साथ गांवों और बस्तर, सरगुजा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों तक करेगा, ताकि अधिक से अधिक परिवार औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ सकें।

कार्यक्रम में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, एचडीएफसी बैंक के ग्रुप हेड अरुण मेदीरत्ता, ब्रांच बैंकिंग हेड सेंट्रल इंडिया प्रतीक शर्मा सहित बैंक के अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User