पनीर की जांच से मचा हड़कंप, कैफे का लाइसेंस निलंबित; 3 ठिकानों से लिए गए नमूने

20 Sep 2026 - 16:18
0 1
पनीर की जांच से मचा हड़कंप, कैफे का लाइसेंस निलंबित; 3 ठिकानों से लिए गए नमूने

धमतरी। जिले में अमानकीकृत डेयरी एनालॉग और गैर-दुग्ध उत्पादों की बिक्री व इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर के निर्देश पर शहर की डेयरियों, होटल, रेस्टोरेंट और कैफे में औचक निरीक्षण किया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा दल ने जिंजर कैफे, श्री कृष्णा डेयरी और श्री सखी कैफे का निरीक्षण किया। जांच के दौरान संदिग्ध पनीर के नमूने लिए गए, जिन्हें गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा की जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

रसोई में मिली गंदगी, कैफे का लाइसेंस सस्पेंड

निरीक्षण के दौरान श्री सखी कैफे की रसोई में स्वच्छता मानकों का गंभीर उल्लंघन पाया गया। खाद्य पदार्थ तैयार करने की जगह पर अस्वच्छ परिस्थितियां मिलने के बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई की।

जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कैफे का खाद्य लाइसेंस 2 दिनों के लिए या रसोई की पूरी सफाई और जरूरी सुधार होने तक, जो भी पहले हो, तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

मिलावटी पनीर और गंदगी पर सख्ती

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिले के सभी डेयरी, होटल, रेस्टोरेंट, कैफे, ढाबा और अन्य खाद्य कारोबारियों को खाद्य गुणवत्ता और स्वच्छता के नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि अमानकीकृत डेयरी एनालॉग, नकली या मिलावटी पनीर के इस्तेमाल और बिक्री पर कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन मिलने पर लाइसेंस निलंबन, निरस्तीकरण और अन्य वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User