21 नए सहायक संचालकों से बदलेगी शहरों की तस्वीर, CM साय बोले- विकसित छत्तीसगढ़ के लिए सबकी भागीदारी जरूरी
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के सुनियोजित शहरी विकास को गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में एक साथ 21 नवचयनित सहायक संचालकों की नियुक्ति की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवचयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में शासन-प्रशासन के साथ युवाओं और प्रदेश के हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने आने वाले वर्षों के विकास की स्पष्ट दिशा तय करते हुए ‘छत्तीसगढ़ अंजोर रू विजन 2047’ तैयार किया है। सरकार का लक्ष्य ऐसा छत्तीसगढ़ बनाना है, जहां आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर नागरिक सुविधाएं और युवाओं के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों तथा विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।
ढाई साल में 15 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और आगे बढ़ने के अधिक से अधिक अवसर देने के लिए लगातार काम कर रही है। पिछले ढाई वर्षों में विभिन्न विभागों में 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं। पुलिस विभाग में 7 हजार से अधिक, शिक्षा विभाग में 3 हजार से ज्यादा तथा बिजली विभाग में 1200 से अधिक पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी जारी है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार का दायरा केवल सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं है। नई औद्योगिक विकास नीति में रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी गई है। स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार देने वाले उद्योगों के लिए विशेष प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है। रोजगार मेलों, निजी क्षेत्र, स्वरोजगार और उद्यमिता के जरिए भी नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
‘जिस पारदर्शिता से नियुक्ति मिली, वही जनता को भी दें’
वित्त तथा आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने नवचयनित अधिकारियों से कहा कि उनकी नियुक्ति पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ हुई है। इसलिए उनकी नैतिक जिम्मेदारी है कि वे इसी पारदर्शिता और ईमानदारी को अपनी कार्यशैली का आधार बनाएं।
उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास के साथ शहरों और शहरी आबादी का विस्तार होना स्वाभाविक है। ऐसे में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक और वैज्ञानिक टाउन प्लानिंग जरूरी है। नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में पहले एक साथ तीन-चार सहायक संचालकों की नियुक्ति होती थी, जबकि इस बार 21 अधिकारियों की नियुक्ति हुई है। इससे विभाग की प्रोफेशनल क्षमता बढ़ेगी और प्रदेश के सुनियोजित शहरी विकास को नई गति मिलेगी।
नई पीढ़ी के अधिकारियों से विकास को मिलेगी रफ्तार
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि नई पीढ़ी के अधिकारियों का ज्ञान, ऊर्जा और आधुनिक दृष्टिकोण विभाग की कार्यक्षमता को मजबूत करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नवचयनित अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में विभागीय सचिव अंकित आनंद, आयुक्त अवनीश शरण समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, नवचयनित सहायक संचालक और उनके परिजन मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)