एमी विर्क के कॉन्सर्ट के बाद फायरिंग से मचा हड़कंप, पिता ने बताया- बेटा और पूरा परिवार सुरक्षित
पंजाबी सिंगर और एक्टर एमी विर्क से जुड़ी फायरिंग की खबर ने उनके फैंस को चिंता में डाल दिया। कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित एबॉट्सफोर्ड में 5 सितंबर की रात एक चलती कार पर कई राउंड गोलियां चलाई गईं। यह घटना एमी विर्क के कॉन्सर्ट के कुछ देर बाद हुई। राहत की बात यह रही कि गोलीबारी में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
घटना के बाद कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि हमलावरों ने एमी विर्क के काफिले की गाड़ी को निशाना बनाया था। हालांकि, एमी के पिता कुलजीत सिंह ने इन खबरों को खारिज करते हुए कहा कि उनका बेटा और परिवार पूरी तरह सुरक्षित हैं। उनके मुताबिक, गोलीबारी शो के आयोजकों के काफिले को निशाना बनाकर की गई थी।
कॉन्सर्ट खत्म होने के बाद चली गोलियां
एमी विर्क ने 5 सितंबर को एबॉट्सफोर्ड के रोजर्स फोरम में परफॉर्म किया था। कॉन्सर्ट खत्म होने के बाद रात करीब 11 बजे मैक्कलम रोड के 2500 ब्लॉक में एक चलती गाड़ी पर दूसरी गाड़ी से आए लोगों ने फायरिंग कर दी।
एबॉट्सफोर्ड पुलिस के अनुसार, संदिग्ध एक गहरे रंग की SUV में सवार थे और उन्होंने कार पर कई गोलियां चलाईं। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
कुछ देर बाद SUV में लगी आग
फायरिंग के बाद पुलिस को सनीसाइड प्लेस के 2400 ब्लॉक में एक SUV में आग लगने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को पूरी तरह जला हुआ पाया। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फायरिंग और SUV में आग लगने की घटना के बीच कोई संबंध है या नहीं।
पुलिस की शुरुआती जांच में फायरिंग को टारगेटेड घटना माना जा रहा है।
बुलेटप्रूफ कार और सात राउंड फायरिंग का दावा
कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि जिस कार पर हमला हुआ, वह एमी विर्क के कॉन्सर्ट काफिले का हिस्सा थी और बुलेटप्रूफ थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार में एमी विर्क और शो के प्रमोटर मौजूद थे तथा करीब सात राउंड फायरिंग हुई।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक कार में मौजूद लोगों की पहचान और इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ऐसे में मामले की पूरी तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)