विश्वकर्मा जयंती पर रायपुर में जुटेंगे श्रमवीर, 17 सितंबर को होगा राज्य स्तरीय महासम्मेलन
भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर 17 सितंबर को रायपुर में राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में दोपहर 12 बजे से होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेशभर के श्रमिकों के योगदान और उनकी मेहनत को सम्मानित किया जाएगा।
महासम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि वाणिज्य एवं उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। निर्माण, उद्योग, कृषि, सेवा समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े श्रमिक इस आयोजन के केंद्र में रहेंगे।
विश्वकर्मा जयंती को श्रम, हुनर, निर्माण और सृजन की शक्ति का प्रतीक माना जाता है। इसी भावना के साथ आयोजित होने वाला यह महासम्मेलन श्रमिकों की भूमिका और उनके कौशल को रेखांकित करेगा। प्रदेश के विकास में श्रम शक्ति के योगदान के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और मंत्री केदार कश्यप विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा कई मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी महासम्मेलन में शामिल होंगे।
रायपुर की महापौर मीनल चौबे और जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल की भी कार्यक्रम में सहभागिता रहेगी। विश्वकर्मा जयंती पर आयोजित यह महासम्मेलन प्रदेश के श्रमिकों की मेहनत, कौशल और विकास में उनकी भूमिका के प्रति सार्वजनिक सम्मान का अवसर बनेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)