1.08 लाख दीपों से जगमगाएगा मोहला-मानपुर, ‘आशीर्वाद का दीया’ से होगा सेवा संकल्प अभियान का आगाज
छत्तीसगढ़ में जनभागीदारी और सेवा भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के शुभारंभ के अवसर पर मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर को एक साथ 1 लाख 8 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा को समर्पित रहेगा।
जिले में कार्यक्रम को भव्य रूप देने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मोहला के मिनी स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित होगा, जहां 500 से अधिक नागरिकों की मौजूदगी में 5 हजार दीप जलाए जाएंगे। इस दौरान रंगोली सहित कई सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां भी देखने को मिलेंगी।
इसके अलावा मानपुर और अंबागढ़ चौकी सहित तीनों ब्लॉक मुख्यालयों में शाम 5 बजे से कार्यक्रम शुरू होंगे और शाम 7 बजे सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। मोहला के मिनी स्टेडियम, मानपुर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम और अंबागढ़ चौकी के शिवनाथ नदी घाट को विशेष आयोजन के लिए तैयार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नागरिकों को दीप वितरित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने मोहला के जय स्तंभ चौक और फव्वारा चौक पर नागरिकों को दीप बांटे। उन्होंने लोगों से 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में दीप जलाकर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का हिस्सा बनने की अपील की।
जिला प्रशासन ने भी जिलेवासियों से सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन में शामिल होकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के शुभारंभ को जनभागीदारी के उत्सव के रूप में मनाने का आग्रह किया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)