मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, करियर गाइडेंस से मिली भविष्य की नई दिशा
रायपुर। एकता जन विकास समिति के तत्वावधान में हैदरी इमामबाड़ा, तात्यापारा मोमिनपारा में 10वीं एवं 12वीं कक्षा के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान और करियर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 15 प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ हज कमेटी के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री मिर्जा एजाज बेग शामिल हुए। वहीं मेहमान-ए-खुसूसी हुज्जतुल इस्लाम अल्हाज मौलाना असग़र मेहदी साहब किबला और मौलाना हसन अब्बास कुम्मी साहब किबला की उपस्थिति रही। विशेष अतिथियों में छत्तीसगढ़ सिख संगठन के प्रदेशाध्यक्ष दलजीत सिंह चावला और छत्तीसगढ़ समाज के अध्यक्ष अनिल दुबे मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ भविष्य की सही दिशा चुनने के लिए विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया। मोटिवेशन स्पीकर मो. हसनैन रजा, करियर काउंसलर एवं मोटिवेटर देवलाल साहू तथा पुनर्वास मनोवैज्ञानिक एवं काउंसलर हीना फिरोज ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, करियर विकल्प, अपनी रुचि पहचानने और प्रतियोगी दौर की तैयारी से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें बताईं।
वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों को दूसरों की देखा-देखी करियर चुनने के बजाय अपनी रुचि, क्षमता और लक्ष्य को ध्यान में रखकर भविष्य की योजना बनानी चाहिए। उन्होंने निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच को सफलता की अहम कुंजी बताया। सम्मानित विद्यार्थियों को अतिथियों ने शुभकामनाएं देते हुए आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का संचालन समिति के अध्यक्ष मोहम्मद इक़्तेदार हैदरी ने किया। समिति के संरक्षक हैदर अली ने अतिथियों, विद्यार्थियों, वरिष्ठजनों और समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के संरक्षक गौहर अली, सचिव आदिल असगर हैदरी, कोषाध्यक्ष मोहम्मद जहीर, उपाध्यक्ष शारिक हैदरी, सह सचिव मोहम्मद शरोज सहित समिति के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
What's Your Reaction?
Like
2
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)