PM मोदी का दो राज्यों का दौरा आज, वडोदरा में 35 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात; मुंबई में GFF 2026 का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को मुंबई और गुजरात के वडोदरा के दौरे पर रहेंगे। अपने गुजरात दौरे के दौरान पीएम मोदी 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके बाद वे मुंबई पहुंचकर ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) 2026 का उद्घाटन करेंगे।
WDFC के 326 किलोमीटर लंबे खंड होंगे राष्ट्र को समर्पित
वडोदरा में प्रधानमंत्री पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे (WDFC) के करीब 326 किलोमीटर लंबे तीन प्रमुख खंडों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन परियोजनाओं पर 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है।
इन खंडों के शुरू होने से डीएफसी नेटवर्क अपनी पूरी लंबाई में परिचालन के लिए तैयार हो जाएगा। इससे जेएनपीए से आयात-निर्यात कार्गो की आवाजाही तेज होने, बंदरगाहों और औद्योगिक केंद्रों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होने तथा लॉजिस्टिक्स लागत में कमी आने की उम्मीद है।
रेलवे और हाईवे परियोजनाओं को भी मिलेगी रफ्तार
प्रधानमंत्री करीब 9,700 करोड़ रुपये की लागत वाली 329 किलोमीटर लंबी तीन रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें वडोदरा-रतलाम तीसरी और चौथी लाइन, मियागाम करजन-चोरंडा-मलसर गेज कन्वर्जन और विश्वामित्री-दभोई दोहरीकरण परियोजनाएं शामिल हैं।
इसके अलावा लगभग 1,780 करोड़ रुपये की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। वडोदरा-सूरत मार्ग पर यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा बेहतर बनाने के लिए कंदारी चौकड़ी और लुवारा पाटिया में 6 लेन फ्लाईओवर का उद्घाटन भी होगा।
मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का उद्घाटन
दौरे के दूसरे चरण में पीएम मोदी मुंबई में GFF 2026 का उद्घाटन करेंगे। 8 से 11 सितंबर तक होने वाले इस वैश्विक सम्मेलन में वित्त, तकनीक, नीति और निवेश से जुड़े विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।
प्रधानमंत्री का यह दौरा देश में इंफ्रास्ट्रक्चर, रेलवे, सड़क संपर्क, लॉजिस्टिक्स और डिजिटल वित्त के क्षेत्र में विकास को गति देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)