दिल्ली के सत्य निकेतन में बड़ा हादसा: पांच मंजिला इमारत ढही, एक छात्र की मौत; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार को दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में बड़ा हादसा हो गया। शिव मंदिर के पास एक करीब 40-50 साल पुरानी पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे में एक छात्र की मौत की सूचना है, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
इमारत गिरने की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। दमकल विभाग को दोपहर करीब 1:33 बजे हादसे की जानकारी मिली, जिसके बाद करीब 12 दमकल गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। बचावकर्मी लगातार मलबा हटाकर लोगों की तलाश कर रहे हैं।
अब तक 6 लोगों को बचाया गया
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद अब तक 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा चुका है। इससे पहले 2 से 3 लोगों के मलबे से निकाले जाने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि, मलबे के नीचे अभी कितने लोग फंसे हैं, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।
PG के तौर पर इस्तेमाल हो रही थी इमारत
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह इमारत करीब 40 से 50 साल पुरानी थी। इसमें बेसमेंट के अलावा पांच ऊपरी मंजिलें थीं और इसका इस्तेमाल पेइंग गेस्ट (PG) के रूप में किया जा रहा था। हादसे के वक्त बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था।
एलजी और मुख्यमंत्री मौके पर पहुंचे
हादसे की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली के एलजी तरनजीत सिंह संधू घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया। इससे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौके पर पहुंची थीं।
केजरीवाल ने सरकार पर साधा निशाना
सत्य निकेतन हादसे को लेकर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घटना पर दुख जताते हुए मलबे में फंसे लोगों के जल्द और सुरक्षित रेस्क्यू की कामना की। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि दिल्ली में लापरवाही के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और नागरिकों की सुरक्षा के लिए सरकार को बड़े स्तर पर कार्रवाई करनी चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)