खेती करने वाली महिलाओं के लिए बड़ी पहल, अब मिलेगा ‘महिला किसान’ प्रमाणपत्र

19 Sep 2026 - 16:38
0 1
खेती करने वाली महिलाओं के लिए बड़ी पहल, अब मिलेगा ‘महिला किसान’ प्रमाणपत्र

महाराष्ट्र सरकार ने खेती और उससे जुड़े कामों में सक्रिय महिलाओं को आधिकारिक पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। महाराष्ट्र महिला किसान सक्षमीकरण अधिनियम, 2026 के तहत अब पात्र महिलाओं को महिला किसान प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। यह कानून 22 जुलाई 2026 से लागू है।

इस पहल का उद्देश्य महिला किसानों को सरकारी कृषि योजनाओं, ऋण, फसल बीमा, कृषि सामग्री, प्रशिक्षण और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराना है। इसके लिए कृषि विभाग ने ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी शुरू की है।

सिर्फ जमीन के नाम पर नहीं मिलेगी पहचान

महिला किसान बनने के लिए जमीन का मालिक होना अनिवार्य नहीं है। खेती में महिला की सक्रिय भागीदारी को भी मान्यता दी जाएगी। फसल उत्पादन के अलावा पशुपालन, दुग्ध व्यवसाय, मुर्गीपालन, मधुमक्खी पालन, मत्स्य पालन, रेशम उत्पादन, बागवानी, फूलों की खेती, मशरूम उत्पादन और कृषि वनीकरण जैसे कार्य भी इसमें शामिल हैं।

ठेके या बटाई पर खेती करने वाली महिलाएं, भूमिहीन किसान, खेत मजदूर, पौधशाला मजदूर और पशुचारक महिलाएं भी निर्धारित पात्रता के अनुसार इस योजना का लाभ ले सकती हैं।

18 साल से अधिक उम्र की महिलाएं कर सकती हैं आवेदन

ग्राम पंचायत या नगर पंचायत क्षेत्र में रहने वाली 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाएं, जो कृषि या कृषि से जुड़े कार्यों में सक्रिय हैं, प्रमाणपत्र के लिए आवेदन कर सकती हैं।

ग्राम पंचायत क्षेत्र में आवेदन को ग्रामसभा के सामने रखा जाएगा। महिला के कृषि कार्य में शामिल होने की पुष्टि के बाद आवेदन पर निर्णय लिया जाएगा। मान्यता मिलने के बाद नामित अधिकारी को 15 दिनों के भीतर महिला किसान प्रमाणपत्र जारी करना होगा।

नगर पंचायत क्षेत्र में आवेदन पर सामान्य सभा निर्णय लेगी और इसके बाद पात्र महिला को प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा।

17 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान

कृषि विभाग के सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 अक्टूबर 2026 तक महिला किसानों की पहचान और उन्हें प्रमाणपत्र के लिए आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इस दौरान प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

यवतमाल के जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी मनोजकुमार ढगे ने पात्र महिला किसानों से कृषि विभाग की अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने और इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User