निवेश और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार, सीएम साय बोले- छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए तैयार है अनुकूल माहौल

18 Sep 2026 - 17:42
0 2
निवेश और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार, सीएम साय बोले- छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए तैयार है अनुकूल माहौल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और नए निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश में छोटे-बड़े नए उद्योग स्थापित होने से रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। सरकार लघु उद्योगों को प्रोत्साहित करने के साथ उद्यमियों की समस्याओं के समाधान और निवेश की संभावनाओं को मजबूत करने पर भी जोर दे रही है।

इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026 के माध्यम से देशभर के उद्यमियों को छत्तीसगढ़ की औद्योगिक संभावनाओं और राज्य की नीतियों से परिचित होने का अवसर मिला। विभिन्न सेक्टरों में आयोजित संवाद और कार्यशालाओं के जरिए उद्यमियों को नए अवसरों, तकनीक और व्यावसायिक संभावनाओं से जोड़ा जा रहा है।

लघु उद्योगों को आधुनिक बाजार से जोड़ने पर जोर

लघु उद्योग भारती के श्री प्रकाश चंद्र गुप्त ने बताया कि संगठन पिछले 32 वर्षों से देश के सूक्ष्म और लघु उद्योगों को संगठित करने तथा उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में विकेंद्रीकृत और लघु उद्योगों की मजबूत परंपरा रही है, जिसे आधुनिक तकनीक, बाजार और बेहतर व्यावसायिक नेटवर्क से जोड़ना समय की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर उद्यमियों को ऐसा साझा मंच उपलब्ध करा रहा है, जहां वे अपने उत्पादों और तकनीकों का प्रदर्शन करने के साथ नए कारोबारी संपर्क बना सकते हैं तथा औद्योगिक क्षेत्र में नवाचार और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा कर सकते हैं।

सीएम साय ने उद्योगों और नवाचारों का लिया जायजा

मेले में देश और प्रदेश की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों ने बड़ी संख्या में स्टॉल लगाए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए अलग-अलग स्टॉलों पर प्रदर्शित उत्पादों, मशीनरी, तकनीकों और नवाचारों की जानकारी ली।

प्रदर्शनी में आयुर्वेदिक औषधियों और पारंपरिक उपचार पद्धतियों से लेकर आधुनिक मशीनरी, आईटी और नई तकनीक पर आधारित औद्योगिक उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। मुख्यमंत्री ने उद्यमियों और औद्योगिक प्रतिनिधियों से संवाद कर उनके अनुभवों, व्यावसायिक गतिविधियों तथा नई तकनीकों के बारे में जानकारी ली।

उद्यमियों को छत्तीसगढ़ आने का न्योता

मुख्यमंत्री साय ने इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर को देशभर के उद्यमियों के बीच संवाद और सहयोग बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपने संसाधनों और औद्योगिक संभावनाओं के आधार पर विकास के नए चरण की ओर बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सूक्ष्म, लघु, मध्यम और बड़े उद्योगों के लिए सहयोगी वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने देशभर के उद्यमियों से छत्तीसगढ़ की औद्योगिक संभावनाओं को समझने, यहां निवेश करने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

आयोजन के दौरान औद्योगिक क्षेत्र में योगदान देने वाले पदाधिकारियों, सदस्यों और प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास, सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, लघु उद्योग भारती के पदाधिकारी तथा देशभर से पहुंचे उद्यमी और औद्योगिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User