चंद्रपुर में आसमानी आफत: बिजली गिरने से 2 की मौत, 8 घायल
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली और अलग-अलग इलाकों में बिजली गिरने की घटनाओं ने लोगों में दहशत पैदा कर दी। ब्रह्मपुरी, मूल और पोंभुर्णा तहसील में हुए हादसों में दो लोगों की जान चली गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है।
खेत में काम कर रहे मजदूरों पर गिरी बिजली
ब्रह्मपुरी तहसील के बरडकिंनी गांव में दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच खेत में काम कर रहे मजदूर अचानक बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में सात लोग घायल हुए। 19 वर्षीय मनीषा गोकुलदास ठाकरे की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें ब्रह्मपुरी के आस्था अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अन्य घायलों में कविता कमलाकर पाकड़े, शुभांगी सुभाष तलमले, मेघा राकेश शेंडे, सुभाष मारोती तलमले और रामहरी मारोती तलमले शामिल हैं। सभी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। बिजली गिरते ही खेत में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद पहुंचाई।
खेत से घर लौट रहे दंपती पर गिरी बिजली
पोंभुर्णा तहसील के चेक ठाणेवासना गांव में भी दर्दनाक हादसा हुआ। खेत का काम पूरा कर घर लौट रहे किसान केशव डोनू गुड़ी (55) और उनकी पत्नी वैशाली गुड़ी (45) अचानक बिजली की चपेट में आ गए। केशव गुड़ी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वैशाली गंभीर रूप से घायल हो गईं।
उन्हें पहले पोंभुर्णा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए चंद्रपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
बकरियां चराने निकले चरवाहे की भी मौत
मूल तहसील के उसराला गांव में भी बिजली गिरने से 35 वर्षीय दीपक नारायण मडावी की मौत हो गई। बताया गया कि गुरुवार दोपहर तेज हवाओं और गरज-चमक के बीच दीपक बकरियां चराने गए थे। इसी दौरान अचानक बिजली गिरने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की आगे की कार्रवाई शुरू की। लगातार हुई इन घटनाओं से चंद्रपुर जिले के प्रभावित गांवों में शोक और चिंता का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)