त्योहारी सीजन में FDA का बड़ा एक्शन: लाखों का गुटखा जब्त, 14 खाद्य प्रतिष्ठानों पर गिरी गाज
महाराष्ट्र में त्योहारी सीजन के बीच खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ता सुरक्षा को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने जांच अभियान तेज कर दिया है। राज्यभर में की गई कार्रवाई के दौरान नागपुर में 12.10 लाख रुपये का प्रतिबंधित गुटखा जब्त किया गया और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर 14 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
नागपुर में प्रतिबंधित गुटखे का बड़ा जखीरा पकड़ा
FDA की कार्रवाई के दौरान नागपुर मंडल में 12.10 लाख रुपये मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा बरामद हुआ। इस मामले में दो वाहन भी जब्त किए गए और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। विभाग की टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के साथ प्रतिबंधित उत्पादों के खिलाफ भी कार्रवाई की।
7.38 लाख रुपये से ज्यादा के डेयरी उत्पाद जब्त
राज्यव्यापी अभियान में दूध और डेयरी उत्पादों पर भी विशेष निगरानी रखी गई। जांच के दौरान 2,813 किलोग्राम डेयरी उत्पाद जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 7.38 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। इसके अलावा सुपारी, नमकीन और अन्य खाद्य सामग्री समेत 4.66 लाख रुपये मूल्य की 2,580.7 किलोग्राम सामग्री भी जब्त की गई। टीम ने 12.5 लीटर ताड़ी भी बरामद की।
27 प्रतिष्ठानों की जांच, 13 को नोटिस
FDA ने अभियान के तहत होटल, रेस्तरां, ढाबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कुल 27 प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान नियमों में खामियां मिलने पर 14 के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए, जबकि 13 प्रतिष्ठानों को सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए।
मुंबई में भी कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
मुंबई में उपभोक्ता शिकायत और निरीक्षण के आधार पर कई प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कोलाबा स्थित ओलंपिया कॉफी हाउस का खाद्य लाइसेंस 16 सितंबर को निलंबित किया गया। चेंबूर स्थित ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड, घाटकोपर पश्चिम की विश्वास स्वीट्स एंड स्नैक्स और ए-1 जनरल एंड ड्राई फ्रूट्स पर भी लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई हुई।
मुंबई सेंट्रल स्थित नायर अस्पताल की कैंटीन और वर्ली के मिलन पंजाब रेस्तरां के लाइसेंस भी खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी खामियों के चलते निलंबित किए गए। मलाड पूर्व स्थित सद्गुरु स्वीट्स पर भी इसी तरह की कार्रवाई की गई।
FDA ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी मौसम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षा पर निगरानी आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)