जोधपुर के आसमान में दिखेगा दुनिया की ताकत का संगम, तरंग शक्ति में पहली बार F-35 की एंट्री
राजस्थान का जोधपुर एयरबेस जल्द ही दुनिया की कई प्रमुख वायु सेनाओं के युद्धक विमानों की आवाजाही का गवाह बनेगा। भारतीय वायुसेना की बहुराष्ट्रीय हवाई एक्सरसाइज ‘तरंग शक्ति’ के दूसरे संस्करण का आयोजन 26 सितंबर से 12 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस अभ्यास में अमेरिका और फ्रांस समेत 40 से अधिक देशों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
इस बार अभ्यास का सबसे बड़ा आकर्षण अमेरिका का F-35 स्टील्थ फाइटर जेट रहेगा। यह पहली बार होगा जब अमेरिकी F-35 भारत में किसी सैन्य अभ्यास का हिस्सा बनेगा। अमेरिका, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, यूएई, ग्रीस, श्रीलंका और बांग्लादेश समेत आठ देश अपने लड़ाकू विमानों के साथ अभ्यास में शामिल होंगे, जबकि 30 से ज्यादा देश पर्यवेक्षक के तौर पर हिस्सा लेंगे।
राफेल और F-16 भी दिखाएंगे ताकत
अभ्यास में फ्रांस अपने राफेल लड़ाकू विमानों के साथ भाग लेगा, जबकि यूएई के एफ-16 भी जोधपुर के आसमान में नजर आएंगे। भारतीय वायुसेना की ओर से भी अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू विमानों के साथ विभिन्न सपोर्ट प्लेटफॉर्म शामिल किए जाएंगे। इनमें एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल विमान, हवा में ईंधन भरने वाले टैंकर और परिवहन विमान शामिल हैं।
वीर गार्जियन के बाद तरंग शक्ति
‘तरंग शक्ति’ ऐसे समय हो रही है, जब भारत और जापान की वायु सेनाएं हाल ही में ‘वीर गार्जियन 2026’ अभ्यास में शामिल हुई थीं। इस अभ्यास में भारतीय वायुसेना के तेजस, सुखोई-30 एमकेआई और राफेल जैसे विमान तथा जापान के एफ-2ए लड़ाकू विमान शामिल रहे थे। ‘तरंग शक्ति’ का पहला संस्करण वर्ष 2024 में आयोजित किया गया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)