इंडिगो यात्रियों को झटका! बच्चों से लेकर एक्स्ट्रा बैगेज तक कई सेवाएं हुईं महंगी
अगर आप घरेलू उड़ानों के लिए इंडिगो का इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए जरूरी अपडेट है। एयरलाइन ने बेस फेयर में बदलाव किए बिना कई अतिरिक्त सेवाओं की फीस बढ़ा दी है। ऐसे में टिकट की मूल कीमत भले ही पहले जैसी रहे, लेकिन कुछ सुविधाओं का लाभ लेने पर यात्रियों को पहले की तुलना में ज्यादा भुगतान करना होगा।
शिशु के टिकट के लिए अब ₹3,000
3 दिन से 2 साल तक के शिशुओं के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए शुल्क बढ़ाया गया है। शिशु का किराया अब ₹2,000 के बजाय ₹3,000 होगा। इस उम्र के बच्चे को अलग सीट नहीं दी जाती और वह अभिभावक की गोद में यात्रा करता है।
वहीं, बिना अभिभावक यात्रा करने वाले बच्चों के लिए उपलब्ध Unaccompanied Minor सेवा की फीस भी बढ़ाई गई है। इसका शुल्क ₹5,000 से बढ़कर ₹5,999 कर दिया गया है।
एक्स्ट्रा बैगेज पर भी बढ़ी फीस
अगर आपका सामान निर्धारित सीमा से ज्यादा है, तो अब अतिरिक्त वजन के लिए ज्यादा रकम चुकानी होगी। इंडिगो ने घरेलू उड़ानों में एक्सेस बैगेज का शुल्क ₹700 प्रति किलो से बढ़ाकर ₹800 प्रति किलो कर दिया है। यानी तय सीमा से अधिक हर किलो सामान पर ₹100 अतिरिक्त खर्च होगा।
प्रायोरिटी सुविधा और ट्रैवल सर्टिफिकेट भी महंगे
यात्रियों के लिए प्रायोरिटी चेक-इन और प्रायोरिटी बोर्डिंग की संयुक्त फीस भी बढ़ाई गई है। यह शुल्क अब ₹450 के बजाय ₹650 होगा। इसके अलावा ट्रैवल सर्टिफिकेट जारी कराने की फीस ₹200 से बढ़ाकर ₹300 कर दी गई है।
यानी इंडिगो की घरेलू उड़ानों में बेस किराया भले ही प्रभावित नहीं हुआ है, लेकिन अतिरिक्त सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों का कुल यात्रा खर्च बढ़ सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)