दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर हाई अलर्ट, 15 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा; कई सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। 11 सदस्य देशों और 10 पार्टनर देशों के राष्ट्राध्यक्षों एवं उच्चस्तरीय प्रतिनिधियों के आगमन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।
सम्मेलन की सुरक्षा के लिए 15 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ पैरामिलिट्री फोर्स की 200 कंपनियां तैनात की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए 700 से ज्यादा CCTV कैमरे लगाए गए हैं। IGI एयरपोर्ट से शांति पथ तक वीवीआईपी रूट की निगरानी के लिए पांच विशेष कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं।
CCTV से होगी हर गतिविधि पर नजर
तुगलक रोड थाने में बनाए गए विशेष CCTV कंट्रोल रूम से करीब 500 कैमरों की लाइव फीड पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा वीवीआईपी रूट पर हाई-रिजॉल्यूशन कैमरों के जरिए सुरक्षा और ट्रैफिक की निगरानी की जाएगी।
कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन
वीवीआईपी मूवमेंट के चलते शनिवार सुबह 9:30 बजे से रात 9 बजे तक दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रह सकता है। सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, सत्य मार्ग और शांति पथ समेत कई सड़कों पर डायवर्जन और नियंत्रित आवाजाही लागू की जाएगी।
जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग और एपीजे अब्दुल कलाम रोड समेत अन्य इलाकों में भी ट्रैफिक व्यवस्था बदली रह सकती है।
दिल्ली पुलिस की यात्रियों से खास अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखें। जहां संभव हो, मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों और निर्धारित डायवर्जन रूट का पालन करने को कहा गया है। आपातकालीन एवं आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी।
भारत इस वर्ष 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। सम्मेलन के दौरान राजधानी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि विदेशी मेहमानों की आवाजाही और आधिकारिक कार्यक्रम सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)