राज्यपाल रमेन डेका ने छात्रों को दिया सफलता का मंत्र, बोले- अनुशासन और मेहनत से तय होगी मंजिल
रायपुर। सैनिक स्कूल अंबिकापुर के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को लोक भवन में राज्यपाल श्री रमेन डेका से मुलाकात कर उनसे संवाद किया। इस दौरान राज्यपाल ने विद्यार्थियों से पढ़ाई, करियर, तनाव और जीवन के लक्ष्यों को लेकर बातचीत की। उन्होंने छात्रों को सफलता हासिल करने के लिए अनुशासन, आत्मनियंत्रण और निरंतर मेहनत को जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी।
राज्यपाल ने कहा कि सैनिक स्कूल में पढ़ना विद्यार्थियों के लिए एक विशेष अवसर है। यहां शिक्षा के साथ समय की पाबंदी, अनुशासन और शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान दिया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए अनुशासन सबसे जरूरी आधार है।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में पढ़ाई और करियर को लेकर तनाव बढ़ रहा है। ऐसे समय में विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानकर उसी दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। मन को नियंत्रित रखते हुए अपनी ऊर्जा और योग्यता का सही इस्तेमाल किया जाए तो सफलता हासिल करना आसान हो जाता है।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने जीवन का लक्ष्य पहले से तय करें और उसे पाने के लिए पूरी लगन व मेहनत के साथ प्रयास करें। उन्होंने गुरुजनों और माता-पिता के मार्गदर्शन को महत्व देने के साथ-साथ हर निर्णय में अपनी सोच और तर्क का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी।
विद्यार्थियों ने पूछे सवाल, राज्यपाल ने साझा किए अनुभव
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने राज्यपाल से उनके जीवन, करियर और सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई सवाल पूछे। श्री डेका ने सहजता से सभी प्रश्नों के जवाब दिए और अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने संवैधानिक दायित्वों के बारे में भी जानकारी दी।
मुलाकात के बाद सैनिक स्कूल अंबिकापुर के विद्यार्थियों को लोक भवन का भ्रमण कराया गया। इस अवसर पर स्कूल के शिक्षकगण भी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)