चक्रधर समारोह में कबड्डी का रोमांच, 25 टीमें दिखा रहीं दमखम
रायगढ़ में आयोजित 41वें चक्रधर समारोह में इस बार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ खेल प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिला है। मोती महल परिसर में 19 सितंबर से शुरू हुई तीन दिवसीय जिला स्तरीय महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में जिले की 25 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें 14 पुरुष और 11 महिला टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता का समापन 21 सितंबर को होगा।
प्रतियोगिता का शुभारंभ राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। पहले दिन पुरुष वर्ग में सारंगढ़ जनपद और जिंदल रायगढ़ के बीच मुकाबला हुआ, जबकि महिला वर्ग में पुसौर और खरसिया की टीमों ने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के शानदार दांव-पेंच और उत्साह ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
पारंपरिक खेलों को मिल रहा नया मंच
शुभारंभ कार्यक्रम में सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि कबड्डी और कुश्ती जैसे खेल भारतीय ग्रामीण और पारंपरिक खेल संस्कृति से जुड़े हैं। राजा चक्रधर सिंह ने भी इन खेलों को प्रोत्साहित किया था। चक्रधर समारोह में कबड्डी को शामिल किए जाने से स्थानीय खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने युवाओं से मोबाइल और स्क्रीन पर अधिक समय बिताने के बजाय खेल गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। साथ ही अभिभावकों को भी वॉक, योग और हल्के व्यायाम जैसी गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी।
कबड्डी से मिलती है टीमवर्क और अनुशासन की सीख
नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि कबड्डी खिलाड़ियों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी संयम के साथ निर्णय लेना सिखाता है। इससे टीम भावना, अनुशासन और आपसी सम्मान की भावना मजबूत होती है। नगर निगम सभापति डिग्री लाल साहू ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए खेल भावना और प्रयास को जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण बताया।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में खरसिया जनपद, कबड्डी संघ, नगर निगम रायगढ़, तमनार, बरमकेला, धरमजयगढ़, लैलूंगा, पुसौर, घरघोड़ा, रायगढ़, सारंगढ़ जनपद सहित राजा चक्रधर, जिंदल फाउंडेशन और पुलिस विभाग की टीमें शामिल हैं। वहीं महिला वर्ग में अदानी फाउंडेशन, रायगढ़, जिंदल फाउंडेशन रायगढ़, पुसौर, खरसिया, लैलूंगा, तमनार, घरघोड़ा, धरमजयगढ़, जिंदल फाउंडेशन तमनार और नगर निगम रायगढ़ की टीमें मैदान में हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)