धमतरी में 10 लाख दीयों से जगमगाएगा सेवा संकल्प अभियान, 17 सितंबर से शुरू होगा एक महीने का आयोजन

12 Sep 2026 - 18:52
0 4
धमतरी में 10 लाख दीयों से जगमगाएगा सेवा संकल्प अभियान, 17 सितंबर से शुरू होगा एक महीने का आयोजन

धमतरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा और जनकल्याणकारी नेतृत्व की यात्रा के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर छत्तीसगढ़ में तैयारियां तेज हो गई हैं। एक महीने तक चलने वाला यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जनसेवा, सामाजिक सहभागिता और जनजागरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम होंगे।

प्रभारी मंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से ली तैयारियों की जानकारी

राजस्व एवं जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए धमतरी जिले में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ा जाए और समाज के हर वर्ग की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

जिला प्रशासन ने बताया कि अभियान के लिए टास्क फोर्स समिति गठित कर विभागवार जिम्मेदारियां तय की गई हैं। संबंधित विभाग निर्धारित कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुटे हैं।

17 सितंबर को 10 लाख दीपों से रोशन होगा धमतरी

अभियान के पहले दिन ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत धमतरी जिले में करीब 10 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसका मुख्य आयोजन रुद्री स्थित रुद्रेश्वर महादेव मंदिर और महानदी घाट पर होगा।

इसके अलावा सिहावा के कर्णेश्वर महादेव मंदिर, गंगरेल के अंगारमोती माता मंदिर और धमतरी के विंध्यवासिनी माता मंदिर समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी दीप जलाए जाएंगे। पीएम जनमन आवास, अटल आवास और आम नागरिकों के घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा एवं समर्पण का संदेश दिया जाएगा।

घर-घर दीप जलाकर अभियान से जुड़ने की अपील

प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर को अपने घरों में दीप जलाकर सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प में भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिला समूहों और अन्य वर्गों से भी अभियान में सक्रिय रूप से शामिल होने का आग्रह किया।

प्रशासन को सभी कार्यक्रम गरिमापूर्ण, सुव्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सेवा, समर्पण और जनकल्याण का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User