बलरामपुर में सेवा संकल्प की अनोखी पहल, 2371 आंगनबाड़ियों में खिलौनों से खिलेगी बच्चों की दुनिया
बलरामपुर। सेवा संकल्प अभियान-2026 को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए बलरामपुर जिले में एक संवेदनशील पहल शुरू की जा रही है। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के तहत जिले के सभी 2371 आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए जनसहयोग से खिलौने जुटाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप आयोजित इस पहल का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के लिए ज्यादा आकर्षक, आनंददायक और सीखने के अनुकूल बनाना है। अभियान में खिलौना दान को जनभागीदारी का खास माध्यम बनाया गया है, ताकि समाज के लोग बच्चों के साथ सेवा और अपनत्व का भाव साझा कर सकें।
घर के पुराने खिलौने बनेंगे बच्चों की नई खुशी
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिलेवासियों से अपील की है कि घर में रखे ऐसे खिलौने, जिनका अब इस्तेमाल नहीं हो रहा है लेकिन वे साफ, सुरक्षित और उपयोगी हैं, उन्हें नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र में दान किया जा सकता है। इच्छुक लोग अपनी ओर से नए खिलौने भी उपलब्ध करा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने वाला छोटा-सा सहयोग भी महत्वपूर्ण है। जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं और व्यवसायिक प्रतिष्ठान भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी कर सकते हैं।
खेल के साथ सीखने का मिलेगा अवसर
आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों की शुरुआती शिक्षा और विकास की महत्वपूर्ण जगह हैं। खिलौनों के माध्यम से बच्चों में रचनात्मकता, कल्पनाशक्ति, भाषा, सामाजिक व्यवहार और समझने की क्षमता को विकसित करने में मदद मिलेगी। खेल-खेल में सीखने से बच्चों की रुचि और सहभागिता भी बढ़ेगी।
जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग ने नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि 2371 आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचने वाला यह छोटा-सा सहयोग हजारों बच्चों के लिए खुशी और सीखने का नया अवसर बन सकता है।
सेवा से जुड़ेगा समाज, बच्चों का भविष्य होगा मजबूत
‘आंगन मिलन सेवा’ केवल खिलौने देने का अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने की पहल है। इसके जरिए यह संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्चों के बेहतर भविष्य की जिम्मेदारी परिवार के साथ-साथ पूरे समाज की भी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)