पुश्तैनी जमीन पर शुरू किया स्टोन उद्योग, अब 6 परिवारों को दे रहे रोजगार
महासमुंद जिले के ग्राम घोड़ारी के युवा उद्यमी श्री प्रतीक पदमवार ने आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाते हुए अपनी पुश्तैनी जमीन पर आधुनिक स्टोन कटिंग एवं पॉलिशिंग उद्योग स्थापित किया है। कभी खुद का व्यवसाय शुरू करने का सपना देखने वाले प्रतीक ने सरकारी योजना और विभागीय मार्गदर्शन की मदद से अपने सपने को हकीकत में बदल दिया।
गांव में पहले से संचालित स्टोन कटिंग एवं पॉलिशिंग इकाइयों को देखकर प्रतीक को इस क्षेत्र में कारोबार की संभावनाएं नजर आईं। इसके बाद उन्होंने जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, महासमुंद से संपर्क किया। अधिकारियों ने उन्हें प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की जानकारी दी और आवेदन से लेकर उद्योग स्थापना तक आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया।
योजना के तहत प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनका आवेदन ऋण स्वीकृति के लिए भारतीय स्टेट बैंक, मेन ब्रांच महासमुंद भेजा गया। बैंक ने उद्योग स्थापना के लिए 25 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया। इसके बाद प्रतीक ने आवश्यक आधुनिक मशीनें स्थापित कर स्टोन कटिंग एवं पॉलिशिंग का उत्पादन शुरू किया।
आज उनका उद्योग नियमित रूप से संचालित हो रहा है और कारोबार को आगे बढ़ाने के प्रयास जारी हैं। प्रतीक के अनुसार, सरकारी योजना ने उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने का अवसर दिया। इससे वे न केवल आत्मनिर्भर बने, बल्कि 6 परिवारों के लिए रोजगार का जरिया भी तैयार कर सके हैं।
उनकी यह पहल इस बात का उदाहरण है कि उचित मार्गदर्शन और सरकारी सहायता के जरिए युवा नौकरी तलाशने के बजाय स्वयं का उद्यम खड़ा कर रोजगार देने वाले बन सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)