गुलजार सिंह मामले पर पंजाब में सियासत तेज, 15 सितंबर को सड़क पर उतरेगी कांग्रेस; पायलट भी होंगे शामिल
पंजाब में गुलजार सिंह की मौत का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का फैसला किया है। पार्टी की ओर से 15 सितंबर को मार्च निकाला जाएगा, जिसमें पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी सचिन पायलट भी हिस्सा लेंगे। प्रभारी पद संभालने के बाद यह उनका पहला पंजाब दौरा होगा।
कांग्रेस के प्रस्तावित मार्च में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। खास बात यह है कि पिछले दिनों पार्टी के भीतर अलग-अलग गुटों के बीच मतभेद की खबरें सामने आई थीं। ऐसे में इन नेताओं का एक मंच पर आना कांग्रेस के लिए अहम माना जा रहा है।
मान सरकार पर कांग्रेस का हमला
गुलजार सिंह की मौत के मामले को लेकर पंजाब कांग्रेस लगातार मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार पर सवाल उठा रही है। पार्टी इस मुद्दे के जरिए सरकार को घेरने के साथ-साथ प्रदेश संगठन के भीतर चल रही खींचतान को भी कम करने की कोशिश कर रही है।
पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी की चर्चाओं के बीच कांग्रेस हाईकमान ने हाल ही में भूपेश बघेल की जगह सचिन पायलट को राज्य का प्रभारी नियुक्त किया है। अब पायलट के नेतृत्व में पार्टी सरकार के खिलाफ अपना अभियान तेज करने की तैयारी में है।
क्या है गुलजार सिंह की मौत का मामला?
संगरूर जिले के दिड़बा निवासी गुलजार सिंह की 7 सितंबर की रात कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई थी। परिवार के अनुसार, इससे एक दिन पहले उन्होंने दिड़बा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा से इलाके में नशीले पदार्थों की सप्लाई को लेकर सवाल किया था। कार्यक्रम का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
गुलजार सिंह की मौत के बाद उनके परिवार ने मामले को लेकर संदेह जताया। परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। विपक्षी दल इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए वित्त मंत्री हरपाल चीमा के इस्तीफे की मांग भी कर रहे हैं।
भाजपा ने भी उठाए सवाल
इस मामले में कांग्रेस के साथ भाजपा भी पंजाब सरकार पर हमलावर है। भाजपा नेताओं ने गुलजार सिंह के परिवार से मुलाकात कर मामले की सीबीआई जांच की मांग की। भाजपा की ओर से यह आरोप भी लगाया गया कि परिवार की इच्छा के खिलाफ गुलजार सिंह का अंतिम संस्कार कराया गया।
अब 15 सितंबर को होने वाला कांग्रेस का मार्च इस पूरे मामले को लेकर पंजाब की राजनीति में नया सियासी मोड़ ला सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)