नशे के खिलाफ पुलिस का मिशन मोड, कवर्धा में NDPS मामलों की जांच पर मंथन
कवर्धा। छत्तीसगढ़ में नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस ने अपनी कार्रवाई को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। इसी उद्देश्य से कबीरधाम जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, कवर्धा में राजनांदगांव रेंज स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों की विवेचना को अधिक गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यशाला का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव, कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव समेत रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और विवेचना अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यशाला में नशीले पदार्थों के निर्माण, बिक्री, परिवहन, भंडारण और सेवन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस की भूमिका पर जोर दिया गया। अधिकारियों को आधुनिक तकनीक के बेहतर इस्तेमाल के साथ-साथ जमीनी स्तर पर सक्रिय पुलिसिंग को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई को केवल नियमित पुलिस कार्यवाही न मानकर मिशन के रूप में लिया जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों से अपने-अपने क्षेत्रों को नशे के अवैध कारोबार से मुक्त कराने के लिए ठोस और सकारात्मक परिणाम देने का आह्वान किया।
बेहतर कार्रवाई करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
कार्यशाला के दौरान एनडीपीएस एक्ट के मामलों में प्रभावी विवेचना कर आरोपियों को दोषसिद्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)