रायपुर प्रेस क्लब में सजा तीज का रंग, महिला पत्रकारों ने पारंपरिक अंदाज में मनाया उत्सव

07 Sep 2026 - 17:24
0 3
रायपुर प्रेस क्लब में सजा तीज का रंग, महिला पत्रकारों ने पारंपरिक अंदाज में मनाया उत्सव

रायपुर प्रेस क्लब में रविवार को महिला पत्रकारों के लिए आयोजित तीज महोत्सव पारंपरिक रंग, उल्लास और आत्मीयता से भरपूर रहा। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने शामिल होकर महिला पत्रकारों के साथ तीज की खुशियां साझा कीं। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के साथ पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज में रैंप वॉक भी किया।

महोत्सव में राज्यसभा सदस्य श्रीमती लक्ष्मी वर्मा और विधायक श्रीमती भावना बोहरा भी विशेष रूप से मौजूद रहीं। भावना बोहरा ने महिला पत्रकारों के साथ रैंप वॉक किया, जबकि लक्ष्मी वर्मा ने भी रैंप पर प्रस्तुति देकर आयोजन की रौनक बढ़ाई। जनप्रतिनिधियों की सहज सहभागिता ने कार्यक्रम को खास बना दिया।

पारंपरिक परिधानों में नजर आया आत्मविश्वास

तीज महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रैंप वॉक रहा। महिला पत्रकारों ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी परिधानों में सादगी और आत्मविश्वास के साथ रैंप पर अपनी प्रस्तुति दी। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का सिर पर पल्लू लेकर पारंपरिक अंदाज में रैंप वॉक करना विशेष आकर्षण रहा। उनकी प्रस्तुति पर परिसर तालियों से गूंज उठा।

खेल और प्रतियोगिताओं ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम के दौरान महिला पत्रकारों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल और प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। हंसी-मजाक और मनोरंजन के बीच प्रतियोगिताओं ने महोत्सव के माहौल को और खुशनुमा बना दिया।

लक्ष्मी राजवाड़े ने महिला पत्रकारों को दी शुभकामनाएं

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने तीज को छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और महिलाओं के उल्लास से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व बताया। उन्होंने महिला पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वे पत्रकारिता के माध्यम से समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती से सामने रख रही हैं। ऐसे आयोजन कार्यव्यस्तता के बीच महिलाओं को आपसी संवाद और उत्सव का अवसर देते हैं।

राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा और विधायक भावना बोहरा ने भी महिला पत्रकारों को तीज की शुभकामनाएं दीं और उनके सामाजिक योगदान की सराहना की।

रिटर्न गिफ्ट पाकर खिले चेहरे

महोत्सव के समापन पर सभी महिला पत्रकारों को रिटर्न गिफ्ट दिए गए। उपहार पाकर महिला पत्रकारों में उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक परिधान, रैंप वॉक, मनोरंजक प्रतियोगिताओं और आत्मीय मेलजोल ने पूरे प्रेस क्लब परिसर को तीज के रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू सहित प्रेस क्लब के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में महिला पत्रकार उपस्थित रहीं। आयोजन में अमृता शर्मा, प्रियंका कौशल, मीनल शर्मा, आकांक्षा दुबे, विनीता मंडल, सोनल भारद्वाज, सुजाता साहा और अंबिका मिश्रा सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User