रेलवे स्टेशनों पर अब नहीं फैलेगा कचरा! स्मार्ट डस्टबिन बताएगा कब है सफाई की जरूरत

19 Sep 2026 - 09:59
0 2
रेलवे स्टेशनों पर अब नहीं फैलेगा कचरा! स्मार्ट डस्टबिन बताएगा कब है सफाई की जरूरत

देशभर के रेलवे स्टेशनों पर सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अब आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। पुराने पारंपरिक कूड़ेदानों की जगह इनबिल्ट कॉम्पेक्टर और IoT सेंसर वाले स्मार्ट डस्टबिन लगाए जाने की तैयारी है। इनका उद्देश्य स्टेशन परिसर को साफ-सुथरा रखने के साथ कचरा प्रबंधन को ज्यादा व्यवस्थित बनाना है।

कूड़ेदान भरते ही मोबाइल पर मिलेगा अलर्ट

इन स्मार्ट डस्टबिन में लगे IoT सेंसर लगातार कचरे के स्तर पर नजर रखेंगे। जैसे ही डस्टबिन भरने के करीब पहुंचेगा, संबंधित सफाई कर्मचारियों के मोबाइल ऐप और फ्लिट डैशबोर्ड पर अलर्ट भेज दिया जाएगा। इससे कर्मचारी समय पर कचरा हटाने की कार्रवाई कर सकेंगे और डस्टबिन के आसपास कचरा फैलने की समस्या कम होगी।

200 लीटर से ज्यादा होगी क्षमता

प्रस्तावित स्मार्ट डस्टबिन की क्षमता 200 लीटर से अधिक होगी। इसमें जमा सूखे कचरे को इनबिल्ट कॉम्पेक्टर दबाकर उसका आकार छोटा करेगा। मशीन एक दिन में करीब 100 बार तक कचरे को कॉम्पैक्ट कर सकेगी। इससे सामान्य डस्टबिन की तुलना में ज्यादा कचरा जमा किया जा सकेगा।

रेलवे बोर्ड की कैंटीन में ऐसे दो स्मार्ट डस्टबिन का ट्रायल भी किया जा चुका है। इसके बाद अब इन्हें रेलवे स्टेशनों पर इस्तेमाल करने की दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है।

सौर ऊर्जा से चलेगा सिस्टम

स्मार्ट डस्टबिन को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए इसमें सौर ऊर्जा के इस्तेमाल की व्यवस्था भी होगी। इसके अलावा फुट पैडल दिया जाएगा, जिससे हाथ लगाए बिना कूड़ा डाला जा सकेगा। पैडल दबाने पर डस्टबिन का फ्लैप अपने आप खुल जाएगा।

बारिश और बंदरों से भी कचरे की सुरक्षा

इन डस्टबिन को इस तरह डिजाइन किया गया है कि बारिश, तेज धूप और बंदरों जैसे जानवरों के कारण कचरा बाहर न फैले। इससे रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलेगी।

रेलवे बोर्ड की संयुक्त निदेशक (पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग मैनेजमेंट) अमिता भल्ला के अनुसार, सभी रेलवे जोन को स्मार्ट बिन लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे रेलवे की सफाई व्यवस्था को तकनीक से जोड़ने और कचरा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User