राजनांदगांव में बनेगा गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर; CM साय ने डॉ. रमन सिंह से की चर्चा

08 Sep 2026 - 18:41
0 1
राजनांदगांव में बनेगा गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर; CM साय ने डॉ. रमन सिंह से की चर्चा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से उनके रायपुर स्थित निवास पर मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विस्तार और आर्थिक विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में राजनांदगांव में प्रस्तावित गेल (इंडिया) लिमिटेड के गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट प्रमुख रूप से शामिल रहे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राजनांदगांव में प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति देने वाली परियोजना साबित हो सकता है। इसके शुरू होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही, प्लांट से जुड़े सहायक उद्योगों और कारोबारी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना का लाभ केवल राजनांदगांव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होने के साथ प्रदेश के औद्योगिक विकास को भी नई दिशा मिल सकती है।

इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग पर भी फोकस

बैठक में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने और निवेश को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आधुनिक तकनीक, उच्च मूल्य आधारित विनिर्माण और नए उद्योगों के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 के जरिए छत्तीसगढ़ को इलेक्ट्रॉनिक्स और आधुनिक विनिर्माण के उभरते केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।

निवेश का सीधा फायदा युवाओं को मिले: CM साय

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में बड़े औद्योगिक निवेश और परियोजनाओं की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश में आने वाला निवेश सिर्फ उद्योगों तक सीमित न रहे, बल्कि इसका सीधा लाभ स्थानीय युवाओं को रोजगार, क्षेत्रीय विकास और आर्थिक समृद्धि के रूप में मिले।

उन्होंने कहा कि राजनांदगांव की प्रस्तावित फर्टिलाइजर परियोजना भी इसी सोच का हिस्सा है और इससे क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User